यह अनलॉक हुई पॉलिटिक्स का सीन है। नेता, कवि बन गए हैं। कविता (तुकबंदी) से जोर-आजमाइश कर रहे, एक-दूसरे पर हमला बोल रहे। सोमवार को राजद और जदयू के नेताओं की जुबानी जंग में कुल 5 कविताओं का जन्म हुआ। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने एक-एक तुकबंदी (कुल दो) की, तो जदयू ने ऐसी 3 तुकबंदियों से उनको करारा जवाब दिया।
शुरुआत लालू प्रसाद ने की। उन्होंने ‘15 साल से बिहार में ...’ शीर्षक से एक तुकबंदी अपने टविटर पर डाली। हर शब्द आलोचना। आखिर में मौजूदा राज को हटाने और गरीब-गुरबा का राज लाने के लिए कहा।
राबड़ी देवी के ट्विटर पर ऐसी ही दूसरी कविता आई। इसका निशाना, मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री भी रहे। इन दोनों के जवाब में सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री नीरज कुमार ने बेहद तल्ख कविता लिखी, पढ़ी। शीर्षक था-’ये भूखे भ्रष्टाचारी।’ लालू परिवार के कारनामों की लंबी गाथा। नीरज ने लालू से कहा-’कानून ने आपको चुनाव लड़ने से मना कर दिया है। अपने परिवार के राजनीतिक नियोजन के लिए तुकबंदी कर रहे हैं? हमारे तरकश में इतने तीर हैं कि आपकी राजनीति को क्षत-विक्षत कर देंगे।’ फिर अपनी कविता पढ़ी। दूसरी कविता प्रदेश जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने लिखी। शीर्षक- ‘सब पर भारी जंगलराज।’ यह लालू-राबड़ी राज के 15 साल के कारनामों को लेकर रही। इसमें बताया कि इस राज में जनता बेहाल रही, लालू परिवार मालामाल हुआ।
नीतीश कुमार विकास ही नहीं, विश्वास पुरुष भी हैं
संजय के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास ही नहीं, विश्वास पुरुष भी हैं। जदयू प्रदेश प्रवक्ता निखिल मंडल ने नीतीश कुमार को रोल मॉडल बताया। कहा-पूरी तरह बर्बाद हो चुके बिहार को पटरी पर लाकर उसे विकास की उछाल देना हंसी-खेल नहीं था। उन्होंने मुख्यमंत्री की उपलब्धियों की व्यापक चर्चा करते हुए दावा किया कि यहां की जनता आगे भी उन्हीं पर भरोसा करेगी। बहरहाल, जदयू की तीसरी कविता प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा की रही। इसे राबड़ी देवी की कविता का जवाब बताया गया। शीर्षक-’सत्ता प्राप्ति को लाचार परिवार।’ और इसी के अनुरूप लालू-राबड़ी परिवार के खिलाफ बहुत सारी लाइनें। अंजुम ने कविता पढ़ने की शुरुआत में कहा भी कि ‘राबड़ी देवी ने चरवाहा विद्यालय से काव्य पाठ किया है। आइए, इनके सपरिवार राष्ट्रीय महापाप का दर्शन कीजिए।’
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://bit.ly/3eH3Wk8

No comments:
Post a Comment
Please don’t enter any spam link in the comment