केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह 9 जून को बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर शंखनाद करेंगे। वे इस दिन बिहार के लोगों को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित करेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. संजय जायसवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी का लक्ष्य है कि शाह कम से कम एक लाख लोगों से सीधे रूबरू हों। वे फेसबुक लाइव और वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोगों को संबोधित करेंगे। इस दिन वे उत्तर बिहार के लोगों के साथ फेसबुक के माध्यम से लाइव रहेंगे, जबकि दक्षिण बिहार के लोग वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से उनकी बात सुनेंगे। पार्टी इसी तरह की दूसरी रैली भी करेगी। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा लोगों को संबोधित करेंगे। इसमें वे उत्तर बिहार के लोगों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग करेंगे जबकि दक्षिण बिहार के लोगों के साथ फेसबुक लाइव रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. जायसवाल बाेले-कई और डिजिटल रैलियां हाेंगी

पार्टी का लक्ष्य है कि दोनों रैलियों में सारे लोग फेसबुक और वीडियो कान्फ्रेंसिंग दोनों से सम्बद्ध हो सकें। अब वह डिजिटल कार्यक्रमों के माध्यम से सारे बूथ तक अपनी सक्रियता दिखानी चाह रही है। डाॅ. जायसवाल ने बताया कि कई रैली और डिजिटल संबोधन होगा।
तेजस्वी बोले- देश के लोगों को डाटा नहीं, आटा चाहिए
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कोरोना संक्रमण के बीच भाजपा की चुनावी तैयारी पर हमला करते हुए कहा कि देश के लोगों को अभी डाटा नहीं, आटा चाहिए। भाजपा लॉकडाउन को अनौपचारिक रूप से खत्म करने के साथ ही वर्चुअल रैली पर उतर आयी है। लॉकडाउन की शुरुआत भी राजनीति के हिसाब से की गयी और अंत भी राजनीति के साथ ही कर रही है। भाजपा 9 जून को रैली करेगी, तो राजद उस दिन गरीब मजदूर अधिकार दिवस मनाएगा। हमारे लोग थाली-कटोरा बजाएंगे। केला का पत्ता भी बजा सकते हैं। हमारे लोग उस दिन काल कवलित मजदूरों के लिए शोक और संवेदना मनाएंगे। महामारी से लोग परेशान हैं, गरीब भूखों मर रहे हैं, पर भाजपा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। वह सोमवार को राजद कार्यालय में संवाददाताओं से बात कर रहे थे। प्रेस काॅन्फ्रेंस में प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद भी मौजूद थे। उन्होंने पूछा- क्या बिहार में डिजिटल रैली के लिए भाजपा ने अपने राजनीतिक सहयोगी से बातचीत की है, इस पर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।
डिजिटल नहीं, विजिबल रैली निकाले भाजपा
तेजस्वी ने कहा कि डिजिटल तरीके का इस्तेमाल तो राशन-सुशासन के लिए होना चाहिए। अद्भुत है कि लोग मर रहे हैं और भाजपा जश्न मना रही है। भाजपा को डिजिटल नहीं विजिबल रैली निकालनी चाहिए। डबल इंजन की सरकार तो संकट में इनविजिबल सरकार बन गई। मजदूरों को लाने और खाना खिलाने के लिए उन्हें रियल रैली करनी चाहिए थी। उन्होंने पूछा कि अगर भाजपा डिजिटल तरीके से इलेक्शन कैंपेन कर सकती है तो वह डिजिटल वे का इस्तेमाल कर गरीबों तक खाना क्यों नहीं पहुंचा रही? तेजस्वी ने दावा किया कि राजद ने कोरोना संकट में एक लाख लोगों तक मदद पहुंचाई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://bit.ly/3dpmPHL

No comments:
Post a Comment
Please don’t enter any spam link in the comment