थाना क्षेत्र अंतर्गत हराबाग निवासी 18 वर्षीय छात्र राजेश कुमार की हत्या के सात दिन बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को फुट पड़ा। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गढ़िया मोड़ के समीप एनएच 57 को चार घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-57 को बांस बल्ली से घेर कर जाम कर दिया एवं पुलिस प्रशासन से विरुद्ध जम कर नारेबाजी की। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि स्थानीय पुलिस-प्रशासन की उदासीनता, शिथिलता एवं मिलीभगत के कारण आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। उनलोगों का कहना था कि जब तक जाम स्थल पर डीएम एवं एसपी नहीं पहुंचेंगे, तब तक जाम नहीं तोड़ेंगे। मालूम हो कि बीते 24 मई को भवानीपुर उत्तर पंचायत के हराबाग निवासी बीरबल यादव के 18 वर्षीय बेटे राजेश कुमार की गला दबाकर हत्या कर लाश को नहर में फेंक दिया गया था। घटना के दिन लाश की शिनाख्त होने पर पीड़ित परिवार सहित आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच 57 पर शव रख सड़क जाम किया था। जिसके बाद घटना स्थल पर पहुंचे एसडीपीओ रामानंद कौशल ने आक्रोशितों को भरोसा दिलाया था कि 24 घंटे का समय दें, मामले का उद्भेदन कर हत्यारों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। इसी आश्वासन पर जाम खोला गया था।
मृतक के पिता ने प्रेमिका के घरवालों पर साजिश के तहत हत्या करने का लगाया है आरोप
इस मामले को लेकर मृतक के पिता बीरबल यादव ने गंगसायर निवासी लड़की के साथ प्रेम प्रसंग की बात कहते हुए लड़की के परिजनों पर साजिश के तहत बुला कर गला दबा कर हत्या करने का आरोप लगाया था। जिस मामले में लड़की सहित उसके दादा, पिता और फुफेरे भाई को नामजद आरोपी बनाते हुए थाने में मामला दर्ज करवाया था। लेकिन घटना के एक सप्ताह बीतने के बावजूद हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार को आक्रोशित पीड़ित परिजन सहित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद पुलिस व जनप्रतिनिधियों के समझाने पर भी ग्रामीण नहीं माने एवं जाम कर प्रदर्शन जारी रखा।
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर शांत हुए गुस्साए लोग
एसडीपीओ रामानंद कुमार कौशल व इंस्पेक्टर केबी सिंह भी जाम स्थल पर पहुंचे। जाम स्थल पर पहुंचकर आक्रोशितों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित मांग पर अड़े रहे। हालांकि बाद में एसडीपीओ श्री कौशल और पुलिस निरीक्षक केबी सिंह द्वारा यह कहने पर कि हत्यारों की गिरफ्तारी करने में आप सबों का सहयोग मिलना चाहिए, शीघ्र नामजदों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। इस आश्वासन के बाद लोग शांत हुए एवं जाम हटाया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2yR63T6

No comments:
Post a Comment
Please don’t enter any spam link in the comment