प्रखंड के चिलौनी उत्तर पंचायत अंतर्गत वार्ड 6 स्थित भालुकूप निवासी टेलर मास्टर की गुरुवार की रात अपराधियों ने बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। टेलर मास्टर प्रमोद शर्मा(35) का शुक्रवार की सुबह मझौआ नहर किनारे शव फेंका हुआ मिला।नहर किनारे लाश मिलने की खबर सुनकर घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर पहले तो लाश की पहचान नहीं हो सकी लेकिन जब लाश मिलने की खबर पाकर मृतक के परिवार के लोग घटना स्थल पर पहुंचे।
लाश देख कर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े बेटे ने शव की पहचान की। इस बाबत मृतक के पिता जलेवी शर्मा ने बताया कि उसका 35 वर्षीय पुत्र प्रमोद शर्मा मझौआ चौक पर बीते 10 वर्ष से साजन टेलर्स के नाम की दुकान चलाता था।
डॉग स्क्वायड काे भी नहीं मिला कोई सुराग
घटना की जानकारी मिलते हीं थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केसरी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे एवं शव को अपने कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गए। वहीं थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी अपने वरीय पदाधिकारियों को दी एवं घटना के उद्भेदन के लिए स्वान मंगाने का भी अनुरोध किया।
एसडीपीओ वीरपुर रामानन्द कुमार कौशल भी सूचना पाते हीं भालुकूप स्थित घटना स्थल पहुंचे एवं घटना की विस्तृत जानकारी ली। कुछ घंटों बाद ही सहरसा से खोजी कुत्ता भी पहुंचा। लेकिन किसी खास नतीजे पर नहीं पहुंच सका। खोजी कुत्ते घटना स्थल से सूंघते हुए मृतक के बस्ती एवं आसपास के क्षेत्रों में जाकर पुनः घटनास्थल पर आकर बैठ गया।
पड़ोसी से चल रहा था कुछ दिनों से जमीन विवाद
मृतक के माता-पिता ने प्रमोद की हत्या का आरोप अपने पडोसी गोपाल शर्मा सहित अज्ञात पर लगाया है। उनका कहना है कि उन दोनों के बीच कुछ दिनों से जमीन विवाद चल रहा था। रोते-बिलखते मां-बाप द्वारा पड़ोसी पर आरोप लगाने पर पुलिस ने एक पड़ोसी को शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
जिससे पूछताछ की जा रही है। इन लोगों ने एसडीपीओ श्री कौशल से हत्या कांड का शीघ्र उद्भेदन कर आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। इस बाबत प्रतापगंज थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केसरी ने कहा कि आवेदन के आधार पर आरोपी गोपाल शर्मा को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cVMzLZ

No comments:
Post a Comment
Please don’t enter any spam link in the comment