क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के ऊपर बनी बायोपिक फिल्म से मशहूर हुए अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अब हमारे बीच नहीं रहे। मुंबई स्थित अपने फ्लैट में सुशांत ने रविवार को फांसी लगाकर सुसाइड कर ली। पूरे बॉलीवुड जगत और उनके फैंस के बीच शोक की लहर है। कुछ है तो बस उनकी यादें। इसी तरह की एक याद खगड़िया के उनके दोस्तों ने साझा की।
नानी ने सुशांत के जन्म के लिए देवी शक्ति पीठ में मांगी थी मन्नत
सुशांत पिछले साल मई में अपनी नानी उमा देवी की मन्नत पूरा करने के लिए खगड़िया आए हुए थे। सुशांत चार बहनों में इकलौते भाई थे। उनकी नानी ने सुशांत के जन्म के लिए बौरण्य स्थित प्रसिद्ध देवी शक्ति पीठ में उनके मुंडन संस्कार की मन्नत मांगी थी। नानी की मन्नत पूरी करने के बाद वे घर में बैठे थे और कई लोग उनसे बातें कर रहे थे। कोई फोटो खींचा रहा था तो कोई उनसे करियर से जुड़ी बातें कर रहा था। इस बीच गांव के कुछ युवा आए और सुशांत से क्रिकेट खेलने की जिद करने लगे। बस फिर क्या था। सुशांत ने भी बल्ला उठाया और दोस्तों के साथ चल पड़े ग्राउंड पर। जैसा कि गांव में होता है कि लोग ईंट या फिर कुर्सी का विकेट बना लेते हैं। यहां भी वही हाल था। गेंद और बल्ला तो था लेकिन, विकेट नहीं थी।
कुर्सी को विकेट बनाकर खेला था क्रिकेट
कुर्सी को विकेट बनाकर मैच शुरू हुआ। सुशांत बल्लेबाजी करने उतरे। शुरू में लोगों को लगा कि सुशांत को जल्दी आउट कर देंगे। लेकिन, ये क्या...सुशांत एक के बाद एक छक्के-चौके जड़ते गए। लगातार कई धुआंधार शॉट लगाए। उनके दोस्त उन्हें काफी देर तक आउट नहीं कर सके। फिर दोस्तों ने सोचा कि सुशांत कल चले जाएंगे तो उनके साथ बैठकर कुछ बातें भी कर ली जाए। क्या पता कितने दिन बाद फिर आना हो। सुशांत ने भी दोस्तों के साथ खूब मस्ती की।
उस मैच में खेल रहे सुनील ने बताया कि हम गेंद लाते-लाते थक गए। सुशांत गजब की बल्लेबाजी कर रहे थे। ऐसा लग रहा था कि महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक सामने चल रही हो। सुशांत ने कहा था कि फिर मिलने जरूर आऊंगा। क्या पता था कि वह सुशांत से हमारी आखिरी मुलाकात थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30DMs4g

No comments:
Post a Comment
Please don’t enter any spam link in the comment