केंद्र में मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष ऐतिहासिक व साहसिक निर्णयों के लिए सदैव यादगार रहेगा। संविधान की धारा 370 व 35ए से मुक्ति, नागरिकता संशोधन कानून, तीन तलाक से निजात, रामजन्म भूमि पर मंदिर निर्माण के लिए सार्थक परिवेश के सृजन जैसी गंभीर उपलब्धियां प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के इस दूसरे कार्यकाल को विशिष्ट बनाती हैं। दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरा होने पर केंद्र सरकार को बधाई देते हुए बगहा विधायक राघव शरण पांडेय ने यह बात कही।
वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं व मीडिया को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने कहा कि इसके पहले की सरकारों ने दशकों तक जिन मुद्दों को लटकाकर उलझाए रखा, उन्हें सुलझाने का साहसिक प्रयास मौजूदा केंद्र सरकार ने किया और नतीजे बेहद सकारात्मक रहे। मोदी सरकार ने अपने इन निर्णयों की बदौलत साबित किया है कि यह सरकार भारत की अखंडता व सम्प्रभुता के लिए कृत संकल्पित है। विधायक ने कहा कि भाजपा पूरे देश में एक विधान, एक निशान, एक प्रधान के प्रावधान का शुरू से ही पक्षधर रही है।
धारा 370 के समाप्त हो जाने से इस दिशा में देश के समक्ष उत्पन्न किए गए अवरोध अब समाप्त हो गए हैं। 2019 के संसदीय चुनाव में मिले प्रचंड जनादेश के फलस्वरूप पार्टी अपने बलबूते पर अपने संकल्पों का सपना पूरा करने की स्थिति में आ गई। अतः सत्ता में आने के साथ ही प्रधानमंत्री ने इस दिशा में काम शुरू किया। नागरिकता क़ानून में संशोधन कर तीन पड़ोसी देशों से प्रताड़ित होकर आए लोगों को भारतीय नागरिक बनाने का वादा भी पूरा किया गया। नवंबर, 2019 के सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय ने राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर दिया। तीन तलाक़ क़ानून पास कर सदियों से चली आ रही कुप्रथा का अंत किया गया। इससे मुस्लिम समुदाय की महिलाओं को बड़ी राहत मिली है।
ऐतिहासिक बोडो शांति समझौता पर भी 2 जनवरी, 2020 को हस्ताक्षर हुए। प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत का आह्वान किया है। एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड; जल शक्ति अभियान, ई सिगरेट पर प्रतिबंध समेत कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत सरकार ने की है। वीसी में वरिष्ठ भाजपा नेता गजेंद्र धर मिश्र, मनोज सिंह, सतीश वर्मा, रविन्द्र श्रीवास्तव, जय प्रकाश साह, मुन्ना सिंह, अमितेश, विजय साहू, ऋतु, दीपक राही, कामेश्वर, राहुल सिंह, सुशील, ब्रजेश साह, दिवाकर चौधरी, रत्नेश पाण्डेय सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36Lol4A

No comments:
Post a Comment
Please don’t enter any spam link in the comment