मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरकारी भवनों के निर्माण के मामले में तब (राजद राज) और अब के फर्क को बताया। बोले-2004-05 में भवन निर्माण विभाग का बजट सिर्फ 22 करोड़ रुपये था। अभी यह 4543 करोड़ रुपये है। इसी से अभी के निर्माण के उछाल का अंदाज किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को 622.22 करोड़ रुपये की लागत वाले पटना कलेक्ट्रेट समेत 29 भवनों का उद्घाटन-शिलान्यास कर रहे थे। 85.69 करोड़ से बने 6 भवनों का उद्घाटन हुआ। 536.53 करोड़ से 23 भवन बनेंगे। उन्होंने कहा- जिस विभाग का भवन है वही मेनटेन करे। इसके बिना काम
नहीं चलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा-अफीम का स्टोर ऐतिहासिक कैसे हो गया ?
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम 2010 से कलेक्ट्रेट के नए भवन को बनाने के काम में लगे थे। खुद जायजा लिया। जर्जर भवन। डर लगता था कि कहीं गिर गया, तो अनर्थ हो जाएगा। खैर, आज कामयाबी मिली। कई तरह की बातें हुईं। ऐतिहासिक धरोहर बताया गया। हमने पुरातत्व निदेशक से रिपोर्ट मांगी। पता चला कि यह बिल्डिंग डच ईस्ट इंडिया कंपनी का स्टोर था, जिसमें अफीम और शोरा रखा जाता था।
पता नहीं कैसे ऐतिहासिक कहा जाता रहा? बापू पर बनी फिल्म की शूटिंग भी यहीं करा दी। शूटिंग हो जाने से यह जगह ऐतिहासिक हो गई? 2019 में काम शुरू हुआ, तो कुछ लोग कोर्ट चले गए। स्टे लगा। अब हट गया है। मैंने अधिकारियों से कह दिया है कि जन भावनाओं को देखते हुए इसकी जो भी चीज संजो कर रखने लायक है, उसे रखा जाए।
नई बिल्डिंग में 3484 वर्ग मीटर में हरित क्षेत्र होगा
मुख्यमंत्री ने कहा-नए भवन में डीएम ऑफिस समेत 39 कार्यालय होंगे। प्रशासनिक भवन 186 करोड़ की लागत से बनेगा। कैंपस में 4 उद्यान होंगे। 3484 वर्गमीटर का हरित क्षेत्र होगा। यहां 3 कॉन्फ्रेंस हॉल होगा। गंगा किनारे बनने वाला पटना कलेक्ट्रेट बहुत सुंदर होगा।
सीएम ने किया इन भवनों का उद्घाटन, शिलान्यास
सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का उद्घाटन। अरवल में डिग्री कॉलेज, समस्तीपुर व भोजपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज, खगड़िया, पूर्णिया, सारण, गया, शिवहर, भागलपुर व बांका में खेल भवन सह व्यायामशाला तथा एमआईटी (मुजफ्फरपुर) का शिलान्यास।
देश का पहला अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय बिहार में बना
मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय, सम्राट अशोक कंवेंशन सेंटर, बापू सभागार, पटेल भवन, राजगीर कन्वेंशन सेंटर, बोधगया की चर्चा की। कहा-बिहार संग्रहालय, देश का पहला अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय है। पटेल भवन, रिएक्टर पैमाने पर 9 की भूकंप झेल सकता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZGe1sk

No comments:
Post a Comment
Please don’t enter any spam link in the comment